ठूठीबारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा समलित, रमगढ़वा पढ़ियाताल नोडिहवा में हनुमान जयंती का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भजन-कीर्तन, जयकारों और हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। पूरे दिन धार्मिक गतिविधियों का क्रम चलता रहा।
आयोजन में पलटू पासवान, अजय कुमार यादव, नंदू पासवान, प्रताप पासवान, हरि प्रजापति, प्रहलाद प्रजापति, नंदलाल पासवान, ओमप्रकाश सहित ग्राम प्रधान ओमप्रकाश चौहान, शिवम, पवन गैरमाहे व अन्य ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही केक काटकर भी हनुमान जयंती को विशेष रूप से उत्साहपूर्ण तरीके से मनाया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान महिलाओं, बच्चों और युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति देखने को मिली।
ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और एकता को भी मजबूती प्रदान करते हैं।
0 टिप्पणियाँ